रविवार, 15 फ़रवरी 2009

हुरावली लिंक रोड का आकस्मिक निरीक्षण : हुरावली लिंक रोड निर्माण की धीमी गति पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की

हुरावली लिंक रोड का आकस्मिक निरीक्षण : हुरावली लिंक रोड निर्माण की धीमी गति पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की

ग्वालियर दिनांक 12.02.2009- महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा आज प्रात: 8.00 बजे लगभग 2 किलोमीटर पैदल चलकर हुरावली लिंक रोड का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर विवेक नारायण शेजवलकर के साथ अधीक्षणयंत्री चतुर सिंह यादव, ठेकेदार रविन्द्र सिंह तोमर, सहायकयंत्री सुशील कटारे, एडवाईजर जादौन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मधुसूदन भदौरिया साथ रहे।

       महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा आज प्रात: राम वाटिका से पैदल चलकर हुरावली लिंक रोड निर्माण कार्य का अवलोकन किया। कार्य की गति धीमी पायी गई जिस पर महापौर द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुये अधीक्षणयंत्री चतुर सिंह यादव एवं ठेकेदार रविन्द्र ंसिंह तोमर को निर्देश दिये कि उपरोक्त कार्य समयसीमा के अंतर्गत पूर्ण कराया जावे, इसके लिये अतिरिक्त लेबर की अगर आवश्यकता हो तो वह भी तत्काल लगाकर कार्य की गति को तीव्रता प्रदान की जावे।

       हुरावली लिंक रोड ग्वालियर का ऐसा प्रथम रोड होगा जिसके निर्माण से यातायात में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी, इसके निर्माण पर 2 करोड़ 85 लाख रू. का व्यय आवेगा। इस लिंक रोड के बन जाने से ग्वालियर नगर निगम सीमा से लगे हुये अनेक ग्राम लाभान्वित होंगे जिन्हें आने-जाने में अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी, साथ ही बारादरी से सिंहपुर रोड होकर जाने वाला यातायात जिसमें अत्यधिक परेशानी उत्पन्न होती है इस रोड के बन जाने से यह यातायात सुगम हो जावेगा।

       भ्रमण के दौरान लिंक रोड के निर्माण में कुछ अतिक्रमण भी पाये गये जिन्हें तत्काल हटाने के निर्देश महापौर महोदय द्वारा संबंधितों को दिये गये। वर्तमान में लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य तीव्र गति से चल रहा है जो माह मई में पूर्ण कर लिया जावेगा।

 

कोई टिप्पणी नहीं: