बुधवार, 24 जून 2009

राजा मान सिंह तोमर संगीत विश्वविद्यालय को बेहतर संसाधन दिये जायेंगे

राजा मान सिंह तोमर संगीत विश्वविद्यालय को बेहतर संसाधन दिये जायेंगे

संस्कृति मंत्री द्वारा उच्च स्तरीय बैठक में विश्वविद्यालय की समीक्षा

ग्वालियर 23 जून 09। संस्कृति एवं जनसंपर्क मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने आज राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ग्वालियर की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने विश्विविद्यालय के सेटअप भवन और अन्य संसाधनों के संबंध में शीघ्र कार्यवाही करने के अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक में राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. चित्तरंजन ज्योतिषी और संस्कृति सचिव श्री मनोज श्रीवास्तव भी उपस्थित थें।

      बैठक में संगीत विश्वविद्यालय के लिये भवन की अतिरिक्त व्यवस्था के संबंध में विचार किया गया। बैठक में संगीत विश्वविद्यालय के मोनो को अंतिम रूप दिया गया। मोनो में संगीत एवं ललित कलाओं, संगीत कला, चित्रकला, मूर्तिकला, नृत्य कला और स्थापत्यकला को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाया गया है। विश्वविद्यालय के नवीन भवन निर्माण के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में नवीन भवन के लिये शासकीय जमीन की उपलब्धता के बारे में भी चर्चा की गई। 

      बैठक में विश्वविद्यालय की वित्त समिति, विद्या परिषद और कार्यपरिषद के गठन पर विचार-विमर्श किया गया है। विश्वविद्यालय की साधारण परिषद की बैठक शीघ्र आयोजित करने के निर्देश दिये गये।

      संस्कृति मंत्री ने विश्वविद्यालय के पाठयक्रमों के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में संगीत और विभिन्न कलाओ के सभी महत्वपूर्ण पाठयक्रमों को शामिल किया जाये। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने इस विश्वविद्यालय की स्थापना संगीत और कला को प्रोत्साहित करने तथा युवा वर्ग में इसके प्रति ललक बढ़ाने के उद्देश्य से की गई हे। उन्होंने विश्वविद्यालय के सेटअप के संबंध में भी तत्काल समुचित कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में विश्वविद्यालय के बजट के संबंध में भी चर्चा की गई।

 

कोई टिप्पणी नहीं: