गुरुवार, 20 अक्तूबर 2011

दिग्विजय के बयानों से नाराज प्रदेश सचिव अरोरा ने कांग्रेस छोड़ी , कांग्रेस ने प्रदेश सचिव हरीश अरोरा को निलंबित किया

दिग्विजय के बयानों से नाराज प्रदेश सचिव अरोरा ने कांग्रेस छोड़ी , कांग्रेस ने प्रदेश सचिव हरीश अरोरा को निलंबित किया

  भोपाल।। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तथा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की बयानबाजी से नाराज कांग्रेस की प्रदेश इकाई के सचिव हरीश अरोरा ने पद से इस्तीफा दे दिया है।

हरीश का आरोप है कि दिग्विजय लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं जो जन भावनाओं के खिलाफ है। इससे पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है। हरीश ने कहा, 'पहले वह आतंकवादी ओसामा बिन लादेन के लिए सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, फिर मुंबई में शहीद हुए पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे की शहादत पर सवाल खड़े करते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे पर भी गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी की है।'

हरीश ने आरोप लगाया, 'दिग्विजय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए पूरे राज्य को बर्बाद किया है। इसका खमियाजा कांग्रेस आज तक भुगत रही है। इसके अलावा भी कई अन्य कारण है जिनके चलते पद से मैं इस्तीफा दे रहा हूं, जिनका बाद में खुलासा करुंगा।'

हरीश ने कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी की प्रदेश इकाई को फैक्स के जरिए भेज दिया है और दफ्तर पहुंचकर वह अपना इस्तीफा सौंप देंगे। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी प्रमोद गुगालिया ने बताया कि पार्टी को उनका इस्तीफा नहीं मिला है।

गौरतलब है कि लंबी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हुआ था। कई वरिष्ठ नेताओं को कार्यकारिणी में स्थान न मिलने से असंतोष की आवाज उठ रही थी। हरीश का इस्तीफा पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी का ही नतीजा माना जा रहा है।
उधर मध्यप्रदेश कांग्रेस की ओर से निम्न प्रेसनोट जारी किया गया है -

 

भोपाल 20 अक्टूबर । पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त सचिव हरीश अरोरा को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस से निलंबित कर दिया है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय प्रभारी शांतिलाल पडियार ने दी है।

कोई टिप्पणी नहीं: